अमेठी : कोतवाली क्षेत्र के जंगल टिकरी गांव में प्राइमरी स्कूल की शिक्षिका का फांसी के फंदे पर लटकता हुआ शव मिलने से हड़कंप मच गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम में भेजा है। मृतका ने यह कदम क्यों उठाया इस बात का अभी पता नहीं चल सका है।
अमेठी कोतवाली क्षेत्र के जंगल टिकरी भगनपुर गांव निवासी मोनिका मिश्रा पत्नी प्रभाकर मिश्रा भगनपुर प्राथमिक विद्यालय में शिक्षिका के पद पर कार्यरत थी। और इंचार्ज प्रिंसिपल का पद भी देख रही थी। गुरुवार की सुबह जब काफी देर तक कमरा नहीं खोला तो परिवारी जनो को चिंता हुई। परिवार वालों ने जाकर जैसे-तैसे कमरा खोला तो दुपट्टे से उसका शव लटकता हुआ देखा।
जिसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस सूचना पाकर तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने कमरे में जगह-जगह फोटो आदि खीच कर साक्ष्य जमा किए और फिर शव को फंदे से नीचे उतारा। साथ ही पंचायतनामा भर कर शव को पोस्टमार्टम में भेजकर पुलिस जांच कर रही है कि आखिर शिक्षिका ने यह कदम उठाया क्यों। पुलिस ने आस पड़ोस के लोगो से भी पड़ताल किया है। वही इस मामले में मृतका के परिजन भी कुछ कहने से बच रहे हैं।





