बलरामपुर | कलेक्टर बलरामपुर-रामानुजगंज श्याम धावड़े ने सामान्य पुस्तक परिपत्र भाग 02 के नियम 8 के अंतर्गत प्रदत शक्तियों का प्रयोग करते हुए कैलेण्डर वर्ष 2021 के लिए निम्न तिथियों के स्थानीय अवकाश घोषित किया गया है। 28 जनवरी 2021 दिन गुरूवार को छेरता/छेर-छेरा के लिए, 17 सितम्बर 2021 दिन शुक्रवार को ढोल ग्यारस (करमा) के लिए तथा 15 नवम्बर 2021 दिन सोमवार को कार्तिक एकादशी (देवउठनी ग्यारस) के लिए स्थानीय अवकाश घोषित किया गया है। उक्त स्थानीय अवकाश कोषागारों/उप कोषागारों तथा बैंकों के लिए लागू नहीं होगा।


कोरबा | कोरोना की जंग जीत कर घर लौटने वाले और कोरोना का ईलाज करा रहे सभी संक्रमित हुए मरीजों का आयुष्मान कार्ड बनाने की तैयारी स्वास्थ्य विभाग ने पूरी कर ली है। आज तक जिले में संक्रमित हुए सभी कोरोना मरीजों को डाॅ. खूबचंद बघेल स्वास्थ्य सहायता योजना और आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना में शामिल किया जाएगा। जिले के स्वास्थ्य विभाग ने ऐसे सभी कोरोना संक्रमितों की मैपिंग का काम शुरू कर दिया है। खूबचंद बघेल स्वास्थ्य सहायता कार्ड या आयुष्मान कार्ड बन जाने से लोगों के दोबारा संक्रमित होने की स्थिति में उनका निःशुल्क ईलाज हो सकेगा।
जिले के स्वास्थ्य विभाग द्वारा कोरोना संक्रमित मरीजों की मैपिंग के लिए 86027-12356 फोन नंबर से संक्रमितों के उपलब्ध नंबरों पर फोन कर संपर्क किया जाएगा। ऐसे सभी मरीजों से कार्ड बनाने के लिए उनके आधार नंबर, राशन कार्ड नंबर और पासपोर्ट साइज फोटो मांगी जाएंगी। मरीज यह सभी दस्तावेज 86027-12356 नंबर पर व्हाॅट्स एप्प के माध्यम से भी भेज सकेंगे। मरीज स्वयं भी नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र या जिला चिकित्सालय कोरबा आकर यह दस्तावेज जमा करा सकते हैं।
जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि सरकारी और निजी अस्पतालों में ईलाज के बाद ठीक हो चुके कोरोना संक्रमित व्यक्ति जिला चिकित्सालय में आकर या व्हाॅट्स एप्प पर अपने दस्तावेज देकर कार्ड बनवा सकते हैं ताकि भविष्य में अगर उन्हें दोबारा कोरोना होता है तो कार्ड से वे ईलाज के खर्च का भुगतान कर सकेंगे।
कवर्धा। उड़ीसा राज्य के बड़ापारा थाना अंतर्गत ज्वेलरी शॉप में करोड़ो रूपये के सोने के जेवर चोरी करने वाले आरोपियों को छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में गिरफ़्तार किया। यह मामला थाना बड़ापारा, जिला बेरहमपुर, राज्य उड़ीसा में 30 अक्टूबर को ज्वेलरी शॉप में लगभग 1.5 करोड़ रूपये की सोने की जेवर को चोरी करने की है। अज्ञात आरोपियों के खिलाफ उड़ीसा पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर पतासाजी की जा रही थी। उड़ीसा पुलिस ने सीसीटीव्ही फुटेज व अन्य जांच के दौरान संदेही पतासाजी में कवर्धा आने की संदेह पर पुलिस अधीक्षक कबीरधाम से सहयोग करने के लिए निवेदन किया। कबीरधाम अधिक्षक शलभ कुमार सिन्हा ने उड़ीसा पुलिस संदेही की पतासाजी के लिए हरसंभव मदद उपलब्ध कराने के लिए विशेष टीम गठित किया।
रायपुर | प्रदेश के नगरीय निकायों के अंतर्गत संचालित लगभग 322 गोठानों में तैयार होने वाले गौ काष्ठ और कण्डे का उपयोग अब दाह संस्कार के लिए किया जा सकेगा। नगरीय प्रशासन मंत्री डाॅ शिवकुमार डहरिया ने सभी नगरीय निकायों के अंतर्गत आने वाले दाह संस्कार/मुक्तिधाम स्थल पर गोठानों में निर्मित होने वाले गौ काष्ठ का उपयोग लकड़ी के स्थान पर दाह संस्कार के लिए करने की न सिर्फ अपील की है अपितु उन्होंने मुक्तिधाम सहित महत्वपूर्ण स्थानों पर गौ-काष्ठ की बिक्री रियायती दर पर उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए हैं। नगरीय प्रशासन मंत्री की की इस पहल से गोठानों में गौ काष्ठ निर्माण में एक ओर जहा तेजी आएगी वहीं स्व-सहायता समूह की महिलाओं को रोजगार के नए अवसर के साथ स्वावलंबी बनने का सुखद अवसर भी मिलेगा। सबसे खास बात यह भी है कि गौ-काष्ठ का उपयोग दाह संस्कार में होने से एक साल में लाखों पेड़ों की कटाई रूकेगी। इको-फ्रेण्डली दाह संस्कार से पर्यावरण का संरक्षण और स्वच्छ तथा प्रदूषण मुक्त शहर की संकल्पना भी साकार होगी।

स्मार्ट सिटी का सपना संजोए छत्तीसगढ़ के अनेक शहरों में प्रदूषण और स्वच्छता एक बड़ी चुनौती है। वैसे तो प्रदूषण फैलने के कई कारण है, लेकिन नगरीय प्रशासन विभाग ने इस दिशा में बहुत ही महत्वपूर्ण और सकारात्मक कदम उठाया है। नगरीय प्रशासन मंत्री डाॅ शिवकुमार डहरिया ने प्रदेश के सभी नगरीय निकाय क्षेत्रों में किए जाने वाले दाह संस्कारों में प्राथमिकता से गौ-काष्ठ और कण्डे के उपयोग के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के निर्देश पर राज्य भर में गोठान बनाए गए हैं। नगरीय निकायों में लगभग 377 गोठान स्वीकृत है। जिसमें से 322 गोठानों में गोबर की खरीदी की जाती है।

इन गोठानों में स्व-सहायता समूह की महिलाएं कार्य कर रही है और गौ-काष्ठ, जैविक खाद सहित कण्डे और अन्य गौ उत्पाद तैयार कर रही है। मंत्री डाॅ. डहरिया ने कहा है कि गौ माता हम सबके लिए पूजनीय है। छत्तीसगढ़ की सरकार ने गौ संरक्षण के दिशा में लगातार काम किया है। पशुपालकों से गोबर खरीदने के साथ ही सर्वसुविधा युक्त गोठानों की व्यवस्था की है। अब इन गोठानों में बनने वाले गौ काष्ठ का इस्तेमाल दाह संस्कार के लिए भी किया जाएगा। इससे एक साल में लाखों पेड़ों की कटाई रूकेगी। जिससे हमारे पर्यावरण को नुकसान नहीं पहुचेगा।
एक दाह संस्कार में 20-20 साल के दो पेड़ों की रूकेगी कटाई
एक जानकारी के अनुसार एक दाह संस्कार में 500 किलो तक लकड़ी की जलाई जाती है। यह 500 किलो लकड़ी 20-20 साल के दो पेड़ों से निकलता है। एक दाह संस्कार के पीछे लगभग दो पेड़ों की कटाई को बढ़ावा मिल रहा है। इसके साथ ही हम पेड़ों की कटाई को बढ़ावा देकर अपने पर्यावरण को भी नुकसान पहुचा रहे हैं। पेड़ के संबंध में मानना है कि एक वृक्ष से 5 लाख का आक्सीजन, 5 लाख के औषधि, 5 लाख का मृदा संरक्षण, 50 हजार पक्षियों के बैठने की व्यवस्था, कीडे़-मकोड़े, मधुमक्खी के छत्ते से वातावरण का अनुकूलन बना होता है। ये पराबैंगनी विकिरण के खतरे से भी बचाते हैं। वृक्ष अपने जीवन में 7 से 11 टन आॅक्सीजन छोड़ता है और 12 टन तक काॅर्बन डाइ आक्साइड ग्रहण करता है। यदि दाह संस्कार में लकड़ी की जगह गोबर के बने गौ काष्ठ औश्र कण्डे का इस्तेमाल करेंगे तो इसके अनेक फायदे भी होंगे। एक दाह संस्कार में लगभग 300 किलो गौ काष्ठ लगेंगे जिससे खर्चा भी बचेगा। गौ काष्ठ के जलने से प्रदूषण भी नहीं फैलेगा और गाय की महत्ता बढ़ने के साथ रोजगार के नए अवसर भी बनेंगे। पेड़ों की कटाई रूक जाएगी। पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलने के साथ स्वच्छ हवा में सांस ले पाएंगे। रायपुर निगम क्षेत्र में गौ-काष्ठ और कण्डे से अनेक दाह संस्कार करा चुके एक पहल सेवा समिति के उपाध्यक्ष श्री रितेश अग्रवाल का कहना है कि अब लोग जागरूक हो रहे हैं। रायपुर में अनेक दाह संस्कार में गौ-काष्ठ और कण्डे का उपयोग भी कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि गौ-काष्ठ से दाह संस्कार पेड़ों को कटने से बचाने के साथ रोजगार के नए अवसर और स्वावलंबन को भी बढ़ावा मिलता है। इसलिए लोगों को लकड़ी के स्थान पर गोठानों में बनने वाले गौ-काष्ठ का ही इस्तेमाल ईंधन के नए विकल्प के रूप में करना चाहिए।
अलाव में भी गौ काष्ठ के इस्तेमाल करने के दिए हैं निर्देश
नगरीय प्रशासन मंत्री डाॅ डहरिया ने निकाय क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले इलाकों में दाह संस्कार के लिए लकड़ी के स्थान पर गौ-काष्ठ और कण्डे को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं वहीं उन्होंने ठण्ड और शीतलहर के दौरान आम नागरिकों के लिए चैक-चैराहों पर जलाए जाने वाले अलाव में भी गौ काष्ठ को अनिवार्य रूप से उपयोग में लाने के निर्देश दिए हैं। प्रदेश के नगरीय निकाय क्षेत्रों में अनुमानित 400 सौ से भी अधिक स्थानों पर लकड़ी के अलाव जलाए जाते हैं। यह संख्या ठण्ड और शीतलहर के हिसाब से घटती बढ़ती रहती है। रायपुर नगर निगम क्षेत्र में अनुमानित 51 स्थानों पर अलाव जलाए जाते हैं। प्रदेश में नगरीय निकाय के अंतर्गत नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायतों की संख्या कुल 166 है। स्वाभाविक है कि बड़ी संख्या में गौ काष्ठ का उपयोग दाह संस्कार और अलाव के रूप में होने से पेड़ांे की लकड़ी का इस्तेमाल कम होगा जिससे प्रदूषण फैलने की गुंजाइश कम होगी और पेड़ों की अनावश्यक कटाई बंद होगी।
रायपुर | मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने आज क्रिसमस पर्व पर राजधानी रायपुर के सेन्ट पॉल केथेड्रल पहुंचकर मसीही समाज के लोगों से मुलाकात की। प्रभु की प्रार्थना में शामिल हुए और मसीही समाज सहित प्रदेशवासियों को प्रभु यीशु मसीह के जन्मदिन ‘क्रिसमस‘ की बधाई और शुभकामनाएं दी और प्रभु यीशु से सभी लोगों के लिए सुख, समृद्धि की कामना की।

मुख्यमंत्री श्री बघेल ने इस अवसर पर कहा कि प्रभु यीशु मसीह ने संपूर्ण मानव जाति के कल्याण के लिए हमें प्रेम, दया, करूणा और सेवा का मार्ग दिखाया। आज एक महान दिन है, आज ईश्वर की दया, प्रेम और करूणा के लिए उन्हें धन्यवाद कहने का दिन है। हमें उनके बताए मार्ग पर चलने और उनकी शिक्षाओं को अपने आचरण में अपनाने की जरूरत है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम छत्तीसगढ़ के लोग परंपरागत रूप से प्रेम, सौहार्द्र, भाई-चारे, करूणा और दया के रास्ते पर चलने वाले लोग हैं। हम जिस छत्तीसगढ़ के निर्माण का सपना देखते है, वह इन्हीं गुणों से परिपूर्ण छत्तीसगढ़ होगा। नवा छत्तीसगढ़ के निर्माण का सपना, प्रभु यीशु मसीह के सपनों को साकार करने का ही सपना है। आइए हम सब इस सपने को जल्द से जल्द साकार करने के लिए जुट जाएं।

मुख्यमंत्री ने इस मौके पर केथेड्रल में उपस्थित लोगों के साथ केक काटकर क्रिसमस सेलिब्रेट किया। चर्च में उपस्थित सभी लोगों ने प्रभु की प्रार्थना की। चर्च के गायन दल ने कैरोल गीत प्रस्तुत किए। सेन्ट पॉल केथेड्रल में कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन कर क्रिसमस की खुशियां मनाई गई।
पास्ट्रेट कोर्ट के अध्यक्ष श्री जॉन राजेश पॉल और सचिव श्री केनस नायक ने मुख्यमंत्री श्री बघेल को ‘‘छत्तीसगढ़ी बाइबिल: नवा नियम‘‘ की प्रति भेंट की। मुख्यमंत्री ने बाइबिल के राजभाषा छत्तीसगढ़ी में अनुवाद की जानकारी मिलने पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए श्री जॉन राजेश पॉल को बधाई और शुभकामनाएं दी।
इस अवसर पर खाद्य एवं संस्कृति मंत्री श्री अमरजीत भगत, नगर निगम रायपुर के महापौर श्री एजाज ढेबर, छत्तीसगढ़ राज्य गृह निर्माण मण्डल के अध्यक्ष और विधायक श्री कुलदीप जुनेजा, छत्तीसगढ़ राज्य अल्प संख्यक आयोग के अध्यक्ष श्री महेन्द्र छाबड़ा, विधायक डॉ. श्रीमती रेणु जोगी, नगर निगम रायपुर के सभापति श्री प्रमोद दुबे, छत्तीसगढ़ डायसिस के बिशप श्री राबर्ट अली, पादरी श्री अजय मार्टिन, प्रथम महिला श्रीमती डॉरथी अली, डीकन श्री मर्कुश केजु, सेवक श्री अब्राहम दास और श्री इस्माइल मसीह, चर्च कोर्ट के अध्यक्ष श्री जॉन राजेश पॉल, सचिव श्री केनस नायक, चर्च के सचिव श्री आशीष अनुराग सालोमन सहित पास्ट्रेट कमेटी, महिला सभा और संडे स्कूल के पदाधिकारीगण तथा मसीही समाज के लोग बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
बिलाईगढ़ । गांव के ही एक व्यक्ति से परेशान हो पूरे ग्रामीण थाना पहुंचकर उन्हें गिरफ्तार करने की शिकायत की है।
कहते हैं न कि एक मछली जहां पूरे तालाब को गंदा कर देती है। इस कहावत को चरितार्थ करने वाला मामला बिलाईगढ़ थाने में देखने को मिला है। यहां के ग्रामीण गांव के ही संतोष चौहान से परेशान होकर पंच, सरपंच कोटवार सहित पूरा ग्रामीण बिलाईगढ़ थाने पहुंचे और कई गंम्भीर आरोप लगाते उनके खिलाफ शिकायत की।
ग्रामीणों ने बताया कि आए दिन संतोष चौहान पूरे ग्रामीणों को झूठे केस में फंसाने व मारपीट करने की धमकी देते है जिससे पूरा ग्रामीणों में भय व्याप्त है। जिनसे भयभीत हो पूरा ग्रामीण बिलाईगढ़ थाने पहुँचे ।
फिलहाल शिकायत के बाद मामले में उक्त व्यक्ति को थाने में लाकर पुछताछ किया जा रहा है, ताकि सच सामने आए। हालांकि ग्रामीणों को कार्यवाही करने की समझाइश देकर घर वापस भेज दिया गया है।
रायपुर, 25 दिसंबर को भारतरत्न व पूर्व प्रधानमंत्री परम श्रधेय अटलबिहारी वाजपेयी जी की जयंती को भाजपा प्रत्येक वर्ष शुशासन दिवस के रूप में मनाते है।
भाजपा जिला अध्यक्ष श्रीचंद सुंदरानी ने कार्यकर्ताओं से अपील की है कि उनके व्यक्तित्व कृतित्व को स्मरण करने के लिए व पुष्पांजलि अर्पित करने के लिए प्रातः 11:00 आजाद चौक में एकत्र होवे।
आजाद चौक में कार्यकर्ताओं को भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह, प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णु देव साय,नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक , रायपुर सांसद सुनील सोनी , पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल और राजेश मूणत संबोधित करेंगे।
जिला महामंत्री रमेश ठाकुर, ओंकार बैस ने बताया कि आज़ाद चौक में विश्व के सबसे लोकप्रिय नेता, किसानों व गरीबो के प्रति समर्पित देश के यशस्वी प्रधानमंत्री मा.नरेंद्र मोदी जी के सम्बोधन का सीधा प्रसारण प्रोजेक्टर के माध्यम से प्रसारित किया जाएगा।
तदुपरांत नेता प्रतिपक्ष धरम लाल कौशिक के नेतृत्व में भाजपा विधायक मण्डल प्रदेश के किसानों के विभिन्न मांगों को लेकर सत्याग्रह करेंगे।
रायपुर। महापौर एजाज ढेबर की अध्यक्षता में आज नगर निगम एमआईसी की बैठक आयोजित हुई। बैठक में आयुक्त सौरभ कुमार, एमआईसी सदस्य श्रीकुमार मेनन, ज्ञानेश शर्मा, सतनाम सिंह पनाग, नागभूषण राव, सुन्दर जोगी, अजीत कुकरेजा, समीर अख्तर, सहदेव व्यवहार, रितेश त्रिपाठी, जितेन्द्र अग्रवाल, सुरेश चन्नावार, आकाश तिवारी, श्रीमती अंजनी राधेश्याम विभार, श्रीमती द्रौपती हेमंत पटेल, अपर आयुक्त पुलक भट्टाचार्य, निगम सचिव नेतराम चंद्राकर, उपायुक्त राजस्व अरविंद शर्मा, उपायुक्त बाजार श्रीमती कृष्णा खटीक, उपायुक्त सामान्य प्रशासन पीआर धु्रव, उपायुक्त वित्त एसपी साहू, अधीक्षण अभियंता बीआर अग्रवाल, सभी जोन कमिश्नर, जोन कार्यपालन अभियंता, सभी विभागो के प्रभा अधिकारी उपस्थित थे।
एमआईसी की बैठक में नगर पालिक निगम रायपुर में डोर टू डोर राजस्व संपत्तिकर जलकर, विज्ञापन कर, यूजर चार्ज इत्यादि की वसूली का कार्य हेतु एजेंसी नियुक्त किये जाने के संबंध में चर्चा की गई। चर्चा उपरांत महापौर एजाज ढेबर के प्रस्ताव पर एमआईसी ने बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि नगर निगम के सभी 14 एमआईसी सदस्यों की समिति निगम राजस्व विभाग अध्यक्ष श्रीमती अंजनी राधेश्याम विभार की अध्यक्षता में बनाकर एवं उसमे अपर आयुक्त पुलक भट्टाचार्य एवं उपायुक्त राजस्व अरविंद शर्मा को सदस्य के रूप में शामिल कर राज्य शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के निर्देशानुसार प्राप्त नियुक्ति के बाद राज्य के बिलासपुर, दुर्ग, भिलाई नगर निगम में राजस्व वसूली का कार्य कर रही मेसर्स स्पैरो साफ्टटेक प्रा. लि. रांची झारखण्ड के कार्य को संबंधित उक्त शहर बिलासपुर, भिलाई, दुर्ग में जाकर समिति एजेंसी का कार्य प्रत्यक्ष देखेगी एवं जानकारी लेगी एवं स्वविवेक से वहां वार्डो में स्वयं पहुंचकर लोगो से चर्चा कर जानकारी लेकर एजेंसी के लोगो के कार्य सहित राजस्व वसूली के दौरान जनता से उनके आचरण एवं व्यवहार आदि की जानकारी लेकर इससे संबंधित अपनी विस्तृत रिपोर्ट एमआईसी के समक्ष बैठक में विस्तृत चर्चा एवं नीतिगत निर्णय निगम हित में लेने रखेगी। इस पर सर्वसम्मति से महापौर की अध्यक्षता में निगम हित में सभी एमआईसी सदस्यों ने अपनी पूर्ण सहमति बैठक के दौरान व्यक्त की ।
एमआईसी की बैठक में नगर निगम रायपुर से सेवानिवृत्त/मृतक कर्मचारियों के पेंशन संबंधी समस्त भुगतान अन्य नगरीय निकाय की भांति संचालनालय नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के माध्यम से किये जाने से संबंधित प्रकरण को विचारोपरांत निगम से सेवानिवृत्त / मृतक कर्मचारियों के हित की दृष्टि से निरस्त करने का सर्वसम्मत निर्णय महापौर एजाज ढेबर की अध्यक्षता में लिया गया।
एमआईसी ने बैठक में महापौर एजाज ढेबर की अध्यक्षता में नगर निगम के ओसीएम चौक में जारी सौंदर्यीकरण के पूर्ण होने के बाद सौंदर्यीकृत चौक का नामकरण शहीद विद्याचरण शुक्ल के नाम पर करने व नव लोकार्पित देवेन्द्र नगर के सौंदर्यीकृत चौक में समाजसेवी अनिल गुरूबक्शाणी गुरू की आदमकद प्रतिमा लगाने के संस्कृति विभाग के प्रस्ताव पर सर्वसम्मति से नियमानुसार अनुशंसा की गई। उक्त प्रस्तावों को नियमानुसार प्रक्रिया के तहत निगम सामान्य सभा की बैठक में रखा जायेगा।
एमआईसी ने शहरी गरीबी उपशमन एवं समाज कल्याण विभाग के प्रस्ताव अनुरूप सभी 10 जोनो से राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना के प्राप्त नवीन प्रकरणों में 71 पात्र एवं 3 अपात्र कुल 74 प्रकरणों एवं सभी 10 जोनो से प्राप्त समस्त निराश्रित पेंशन योजना, सामाजिक सुखद सहारा, वृद्धावस्था, विधवा, विकलांग, मुख्यमंत्री पेंशन योजना के कुल 514 प्रकरण, पात्र 372 प्रकरण, अपात्र 142 प्रकरण की नियमानुसार सर्वसम्मति से अनुशंसा कर दी । एमआईसी ने बैठक में निगम के विभिन्न वार्डो में मच्छर उन्मूलन हेतु स्वीकृत आदेशानुसार 10 नग फाॅगिंग मशीन क्रय किये जाने के लोकस्वास्थ्य एवं स्वच्छता विभाग के प्रस्ताव पर निविदा की प्राप्त दरों में फोगर्स इंडिया प्रा.लि. मुंबई के 5 लाख 48 हजार 200 रू. प्रतिनग फाॅगिंग मशीन की न्यूनतम दर पर 10 नग फाॅगिंग मशीन क्रय किये जाने संभावित व्यय 54 लाख 82 हजार रू. की व्यय स्वीकृति का निर्णय मच्छर उन्मूलन हेतु सर्वसम्मति से लिया। नगर निगम के तहत शहर के विभिन्न क्षेत्रों में विशिष्ट कार्यक्रम के तहत सफाई व्यवस्था हेतु 100 सफाई कामगारों की पृथक से स्वीकृति करने का प्रस्ताव राज्य शासन को स्वास्थ्य विभाग के प्रस्ताव अनुरूप भेजने का निर्णय एमआईसी ने सर्वसम्मति से बैठक में लिया। एकीकृत बालविकास परियोजना अधिकारी रायपुर शहरी 2 के प्रस्ताव अनुसार महिला बाल एवं विकास विभाग के प्रस्ताव के अनुरूप आंगनबाडी कार्यकर्ता श्रीमती माला सिंह बढई पारा का त्याग पत्र स्वीकृत करने एमआईसी ने नियमानुसार सहमति व्यक्त की ।
एमआईसी ने भक्त माता कर्मा वार्ड क्रमांक 67 के तहत कुशालपुर फ्लाईओव्हर से चिंगरी नाला तक नाला निर्माण किये जाने प्राप्त निविदा की न्यूनतम दर 11.52 बिलो एसओआर दर पर 2 करोड 62 लाख 59 हजार 979 रू. की स्वीकृति देने प्रकरण की अनुशंसा कर दी । डाॅ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी वार्ड क्रमांक 63 के तहत भाठागांव फ्लाई ओव्हर से चिंगरी नाला तक नाला निर्माण करने प्राप्त न्यूनतम निविदा दर की गायत्री गाय ग्वाल द्वारा प्रस्तुत दर 16.99 प्रतिशत कम एसओआर पर होने वाले व्यय की राशि 2 करोड 30 लाख 12 हजार 862 रू. 30 पैसे की स्वीकृति देने की नियमानुसार अनुशंसा की गई। अधोसंरचना मद से स्वीकृत 2 लाख रू. के कार्य भक्त माता कर्मा वार्ड क्रमांक 67 में सरकारी स्कूल के पीछे राम नगर क्षेत्र में नाली निर्माण कार्य का स्थल परिवर्तन पार्षद के 1 दिसम्बर 2020 के पत्र के अनुरूप 65 घर मस्जिद गली की नाली का निर्माण पूर्ण करवाने हेतु किये जाने नियमानुसार स्वीकृति एमआईसी ने बैठक में दी । भक्त माता कर्मा वार्ड के साकेत विहार क्षेत्र में 2 लाख में नाली निर्माण के कार्य का स्थल परिवर्तन पार्षद के पत्र अनुरूप 65 घर मस्जिद गली में नाली निर्माण पूर्ण करने किये जाने नियमानुसार स्वीकृति एमआईसी ने बैठक में दी । शहीद मनमोहन सिंह बख्शी वार्ड क्रमांक 12 के तहत स्काई आटो के सामने पुलिया एवं नाली निर्माण हेतु 6 लाख की स्वीकृति के प्रकरण पर संबंधित वार्ड पार्षद के पत्र अनुसार उसी वार्ड में वीर शिवाजी नगर मोहबाबाजार के पास स्वीकृति अनुरूप 6 लाख रू. में पुलिया नाला निर्माण किये जाने के प्रस्ताव को एमआईसी ने नियमानुसार स्वीकृति दी । जिला शिक्षा अधिकारी के पत्रानुसार वीर शिवाजी नगर निगम स्कूल खमतराई के व्याख्याता राजेन्द्र सिंह ठाकुर, आरडी तिवारी स्कूल आमापारा के व्याख्याता लोकनाथ चंद्राकर, पंडित रामसहाय मिश्रा स्कूल मोहबाबाजार के उच्च श्रेणी शिक्षक रधुनंद प्रसाद साहू को 30 अपै्रल 2021 तक शिक्षको के सत्र के अंत तक पुनर्नियुक्ति प्रदान करने के प्रस्ताव पर स्वीकृति सर्वसम्मति से दी गई। इसके अतिरिक्त जनहित में विभिन्न प्रकरणों पर चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिये गये।
महापौर ढेबर ने मोटर वर्कशाॅप को नगर निगम के स्तर पर निगम हित में अपग्रेड करने शीघ्र आवश्यक कार्यवाही करने का बैठक में सुझाव दिया। उन्होने कहा कि मोटर वर्कशाॅप को अपग्रेड कर वहां निगम द्वारा लघु स्तर पर सर्विसिंग सेन्टर शीघ्र प्रारंभ किया जाना चाहिए। जिससे नगर निगम द्वारा बाहर बाजार में सर्विसिंग हेतु होने वाले काफी बडे व्यय को बचाया जा सकेगा। वहीं वहां डीजल चोरी होने एवं वाहनों के पाटर््स गायब होने से संबंधित विषयों पर निगम हित में कारगर अंकुश लगाने पूरे मोटर वर्कशाॅप परिसर को आधुनिक सीसी टीवी कैमरो से सुसज्जित करने का सुझाव महापौर ने दिया। इस संबंध में उन्होने आवश्यक प्रस्ताव तैयार कर निगम हित में शीघ्र विस्तृत चर्चा कर सक्षम स्वीकृति हेतु प्रस्तुत करने के निर्देश बैठक के दौरान मोटर वर्कशाॅप के प्रभारी अभियंता को दिये।
रायपुर, रायपुर प्रेस क्लब परिसर में आज एक व्यक्ति द्वारा कीटनाशक पीकर खुदकुशी करने की कोशिश को दुर्भाग्यपूर्ण घटना बताते हुए रायपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष दामु आम्बेडारे ने स्पष्ट किया है कि रायपुर प्रेस क्लब लोगों को अपनी बात मीडिया के सामने रखने के लिए स्थान उपलब्ध कराता है। लेकिन कॉन्फ्रेंस का समाचार प्रकाशित, प्रसारित करना अथवा न करना मीडिया संस्थान के विवेक पर निर्भर करता है। कॉन्फ्रेंस आयोजकों को इस तथ्य से अवगत करा दिया जाता है। उन्होंने कहा कि किसी को भी अपनी बात रखने का अधिकार है लेकिन यह मीडिया संस्थान पर निर्भर करता है कि वे समाचार के संबंध में क्या निर्णय लेते हैं। इस तरह के कदम उठाए जाने का कोई औचित्य नहीं है। घटना से रायपुर प्रेस क्लब का कोई लेनादेना नहीं है। उन्होंने कहा कि मानवीयता की दृष्टि से रायपुर प्रेस क्लब अपील करता है कि कोई भी इस तरह का कदम न उठाए।
















