नई दिल्ली : देश में कोरोना के नए केसों में विस्फोट का दौर अब थमने का नाम नहीं ले रहा है। या इस कहर कहर को कोरोना की तीसरी लहर भी कहा जाने लगा है। पिछले 24 घंटे में देश में कोरोना संक्रमण के 37,379 नए मामले सामने आए, जबकि इस दौरान संक्रमण के कारण 124 मरीजों की मौत भी दर्ज की गई है। दूसरी ओर अब देश में उपचाराधीन सक्रीय मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मंगलवार को जारी आंकड़ो के अनुसार देश में पिछले छह दिनों में नए मरीज छह गुना बढ़े हैं। भारत में कोरोना के नए मरीजों के मिलने की रफ्तार तेज होती जा रही है। कोरोना के सक्रिय मामलों ने भी सरकारों की चिंता बढ़ा दी है। पिछले 24 घंटे में नए मामलों से एक तिहाई यानि 11,007 लोग ही स्वस्थ्य हो चुके हैं, जबकि पिछले सप्ताह रिकवर होने वालों की दैनिक संख्या नए मामलों से ज्यादा ही रही है। इसे देखते हुए कोरोना की तीसरी लहर का असर शुरू होने की बात कही जा रही है। जबकि देश भर में कोरोना के सक्रिय मामले तेजी से बढ़ते हुए 1,71,830 हो गए हैं। कोरोना केसों में तेजी डराने वाली है और कई राज्यों में इससे निपटने के लिए प्रतिबंधों की शुरुआत हो चुकी है। देश में कोरोना के नए केसों में लगातार तेजी के चलते डेली पॉजिटिविटी रेट बढ़कर 3.24 प्रतिशत हो गया है, जबकि वीकली रेट 2.05 प्रतिशत है। प्रतिशत के लिहाज से देखें तो अब तक मिले कोरोन केसों के मुकाबले एक्टिव केस 0.49 प्रतिशत ही हैं। लेकिन नए केसों में जिस तरह से तेजी देखने को मिल रही है, उससे यह आंकड़ा जल्दी ही बढ़ सकता है। यही नहीं नए केसों में तेजी के चलते रिकवरी रेट भी लगातार घट रही है। फिलहाल स्वस्थ होने वाले मरीजों की कुल संख्या की बात करें तो 3,43,06,414 हो गई और ठीक होने वालों का राष्ट्रीय रिकवरी दर 98.13 प्रतिशत ही रह गया है। वहीं कोरोना से मरने वालों की संख्या बढ़कर 4,82,017 हो गई है।
डाक्टर भी हुए सक्रमित
मंत्रालय के अनुसार सफदरजंग अस्पताल में 23, लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज में 15, आरएमएल में 11, एम्स के ट्रामा सेंटर में छह और मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज के चार रेजिडेंट डॉक्टर कोरोना संक्रमण की चपेट में आए हैं। इन पांचों को मिलाकर दिल्ली में करीब 59 डॉक्टर व स्वास्थ्य कर्मी कोरोना संक्रमित मिले हैं। जबकि इन अस्पतालों में करीब 80 से ज्यादा स्वास्थ्य कर्मचारियों की रिपोर्ट आना बाकी है।
दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल कोरोना संक्रमित
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इस बात की जानकारी उन्होंने खुद ट्वीट करके दी है। अपने ट्वीट में केजरीवाल ने लिखा है कि जो भी मेरे संपर्क में आए हैं वे अपना टेस्ट जरूर करवा लें।
दो दिन में 41.27 लाख किशोरों का वैक्सीनेशन
देश में तीन जनवरी से किशोरों के लिए टीकाकरण की शुरुआत हुई। देर रात 11 बजे तक 41.27 लाख किशोरों को कोरोना वैक्सीन की पहली डोज लग गई है। टीके के लिए रजिस्ट्रेशन कराने वालों की संख्या 53 लाख को पार कर चुकी है।
ओमिक्रॉन वैरिएंट के केस 1,892 हुए
इस बीच ओमिक्रॉन वैरिएंट के मामले भी देश में तेजी के साथ बढ़ते जा रहे हैं। अब तक ओमिक्रॉन के मामले 1,892 हो चुके हैं। इनमें सबसे ज्यादा 568 मामले महाराष्ट्र के हैं। इसके अलावा दिल्ली में भी अब तक 382 केस मिल चुके हैं। केरल में 185 और राजस्थान में 174 केस मिल चुके हैं। गुजरात में अब तक ओमिक्रॉन वैरिएंट के 152 मामले और तमिलनाडु में 121 केस मिल चुके हैं। इसके अलावा अन्य राज्यों में ओमिक्रॉन वैरिएंट के मामलों की संख्या फिलहाल 100 से कम है। उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्य में ओमिक्रॉन वैरिएंट के अब तक 8 केस ही मिले हैं, जिनमें से 4 लोग रिकवर हो चुके हैं। इसके अलावा पंजाब, हिमाचल प्रदेश में एक-एक केस ही मिला था, जो रिकवर हो चुके हैं।