रायपुर। जमीन बंटवारा के विवाद पर एक युवक ने अपने भाई पर पत्थर से हमला कर उसे घायल कर दिया। घटना धरसींवा थाना क्षेत्र के ग्राम कुर्रा की है। यहां रहने वाले दो सगे भाई भोला निषाद और लक्ष्मण निषाद के बीच बुधवार को रात करीब 8.30 बजे जमीन के बटवारे को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना ज्यादा बढ़ गया कि आरोपी लक्ष्मण ने भोला पर पत्थर से हमला कर उसे घायल कर दिया। घटना की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी भाई के खिलाफ 506, 323 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।
बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में दिल दहला देने वाली घटना प्रकाश में आई है| घटना 22 जून की है बलात्कार की कोशिश के दौरान जलाई गई 14 साल की किशोरी की रायपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई। वारदात दाढ़ी थाना इलाके के मजगांव की बताई जा रही हैं। पीडि़ता के घर से महज 100 मीटर दूर हाफ नदी के किनारे आरोपियों ने उसे ले जाकर इज्जत लूटने की कोशिश की, लेकिन रेप में नाकाम होने के बाद उसके ऊपर केरोसिन उड़ेगा और जिंदा आग के हवाले कर फरार हो गए। जलने के समय किशोरी की आवाज सुनकर कुछ लोग मौके पर पहुंचे और उसे फौरन जिला अस्पताल भेजा गया। जहां प्राथमिक इलाज के बाद पीडि़ता को रायपुर रेफर किया गया था। जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
नाबालिग पीडि़ता ने मरने से पहले अपने साथ हुई हैवानियत की गवाही खुद दी है। पीडि़ता के बयान के आधार पर बेमेतरा पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लिया है, दोनों से पूछताछ की जा रही है। ये दोनों भी नाबालिग बताए जा रहे हैं। इस खौफनाक वारदात में और भी लोगों के शामिल होने की बात कही जा रही है।
रायपुर। कोरोनो संकट के बीच आम आदमी पर महंगाई के मार जारी है पेट्रोल डीजल के 18 वें दिन बढोतरी का सिलसिला जारी है छत्तीसगढ़़ कांग्रेस कमेटी के प्रदेश प्रवक्ता वंदना राजपूत ने कहा कि इतिहास में पहली बार पेट्रोल से महंगा हुआ है डीजल लगातार 18 वें दिनों में डीजल की कीमत लगभग 11रूपये प्रति लीटर की बढोतरी हुई है एवं पेट्रोल मे लगभग 10 रुपये महंगा हुआ है।
रायपुर | छत्तीसगढ़ शासन द्वारा किसानों कीे आमदनी के लिए संचालित सौर सुजला योजना ग्रामीण ईलाके के किसानों के लिए बहुउपयोगी साबित हो रही है। दुरस्त इलाकों में सौर सुजला योजनान्तर्गत सोलर सिंचाई पंप लगने से खेती-किसानी को प्रोत्साहन मिल रहा है, वहीं पेयजल के लिए शुद्ध पानी भी मिल रहा है। बीजापुर जिले के ग्राम मांझीगुडा़ निवासी बुजुर्ग किसान श्री भरतसिंह बेलगंया सोलर सिंचाई पंप के जरिये रबी और ग्रीष्मकाल के दौरान अपनी डेढ़ एकड़ बाड़ी में साग-सब्जी उत्पादन कर अतिरिक्त आय प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि उद्यानिकी एवं क्रेडा विभाग की मदद से उन्होंने सोलर सिंचाई पंप लगाया है।
किसान भरतसिंह को छत्तीसगढ़ अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण द्वारा 2 लाख 30 हजार रूपए का अनुदान प्रदान किया गया । किसान श्री भरतसिंह ने बताया कि इस सोलर सिंचाई पंप से वे अपनी डेढ़ एकड़ बाड़ी में रबी सीजन के दौरान बैंगन, भिंडी, करेला, बरबट्टी, टमाटर, मिर्च साग-सब्जी का उत्पादन किया। वहीं ग्रीष्मकाल में लौकी, कद्दू, भिंडी, बरबट्टी, करेला मेथी धनिया लगा रहे हैं। उत्पादित साग-सब्जी को समीपस्थ बीजापुर नगर में हर महीने तीन से चार हजार रूपए का विक्रय करते हैं। इस अतिरिक्त आमदनी से उन्हें घर-परिवार की जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलती हैं। अनुसूचित जनजाति वर्ग के साधारण कृषक श्री भरत सिंह ने बताया कि उनके पास कुल 6 एकड़ कृषि भूमि है, जिसमें से 2 एकड़ खेत में सफरी-चुड़ी जैसी देशी किस्म के धान की फसल लेते हैं। वहीं 2 एकड़ रकबा में एचएमटी धान का श्रीविधि से रोपा लगाते हैं और दो एकड़ मरहान भूमि में उड़द कुल्थी जैसे स्थानीय दलहन की खेती करते हैं। अपनी इस खेती-किसानी की आय से 14 सदस्यीय परिवार का आसानी के साथ भरण-पोषण कर रहे हैं। इसके साथ ही घर में खेती-किसानी कार्य के लिए एक टेªक्टर रखे हैं, जिसे गांव के किसानों को किराये पर उपलब्ध कराते हैं। भरतसिंह से अभी हाल ही में उनकी बाड़ी में साग-सब्जी की निंदाई करते हुए भेंट होने पर उन्होंने सोलर सिंचाई पंप की सहायता सहित उद्यानिकी विभाग से सब्जी बीज मिनीकीट तथा समसायिक कृषि सलाह देने के लिए छत्तीसगढ़ सरकार को सान्धुवाद देते कहा कि सरकार किसानों के हितों के लिए जो योजनाएं चला रही है उसका लाभ लेकर आगे बढ़ना समय की जरूरत है।
रायपुर। भारत सरकार की ओर से किसानों के हित में लाए गए अध्यादेश सीजी-डीएल-ई 05060-219745 दिनांक 5 जून के अनुपालन प्रदेश में नहीं हो रहा है। इस संबंध में प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को पत्र लिखा है। बुधवार को लिखे अपने पत्र में डॉ. रमन सिंह ने कहा है कि उक्त अध्यादेश का अनुपालन नहीं किया जा रहा है। भारत सरकार के कृषि मंत्रालय की ओर से किसानों के व्यापक हित में प्रसारित अन्य अध्यादेशों के परिपेक्ष में भी राज्य शासन की ओर से आदेश जारी नहीं किए गए हैं।
बड़ी खबर: छात्रा ने मिट्टी तेल डालकर खुद को किया आग के हवाले, अस्पताल ले जाते वक्त रास्ते में हुई मौत
भिलाई। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के भिलाई से एक खबर सामने आ रही है जहां बीए फाइनल इयर की छात्रा ने मिट्टी तेल डालकर खुद को आग के हवाले कर दिया। युवती गंभीर रूप से झुलस गई जिसे अस्पताल ले जाने की कवायद की गई, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। पुलिस को सू़चना मिलने के बाद शव को बरामद कर लिया है। पुलिस ने युवती के परिजनों को भी इसकी सूचना दे दी है। मिली जनकारी के अनुसार यह घटना भिलाई सेक्टर- 7 की है। आत्महत्या की खबर फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच में जुट गई है।
रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज रायपुर नगर निगम द्वारा निर्मित छत्तीसगढ़ के वृहद ठोस अपशिष्ट प्रसंस्करण संयंत्र का अपने रायपुर निवास कार्यालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए ई-लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने बटन दबाकर ग्राम सकरी में लगभग 127 करोड़ रूपए की लागत से निर्मित संयंत्र जनता को समर्पित किया। छत्तीसगढ़ के इस सबसे बड़े ठोस अपशिष्ट प्रसंस्करण संयंत्र में रोज 500 टन कचरे का वैज्ञानिक पद्धति से निपटान किया जाएगा। इस पूरी परियोजना की लागत 197 करोड़ रूपए है। यह संयंत्र पीपी माडल पर कार्य करेगा। इस संयंत्र में कचरे से खाद बनेगी तथा सीमेंट कारखानों के लिए सहायर्क इंधन भी मिलेगा। इस संयंत्र में 6 मेगावाट बिजली उत्पादन भी प्रस्तावित है। 15 साल की इस परियोजना पर नगर निगम रायपुर और नई दिल्ली की एम एस डब्ल्यू साल्यूशन लिमिटेड मिलकर काम कर रहे हैं। परियोजना में हर घर और दुकान से डोर-टू-डोर कचरे का संग्रहण, परिवहन, प्रोसेसिंग और डिस्पोजल की व्यवस्था की गई है।

जगदलपुर। शहर से कुछ दूरी पर पंडरीपानी इलाके में देर रात करीब 1 से 2 बजे के बीच एक भीषण सडक़ हादसा हो गया जिसमें कार सवार एक युवक की मौके पर मौत और एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। बताया जा रहा है कि तोंगपाल युवा कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष सन्नी चौहान अपने मित्र विशाल राजू के साथ जगदलपुर आए हुए थे। वापसी के दौरान जगदलपुर से दंतेवाड़ा जाने वाली सड़क पर स्थित महेंद्रा शोरूम के निकट उनकी तेज रफ्तार वाहन पेड़ से टकरा गई इस हादसे में सन्नी चौहान की मौके पर ही मौत हो गई वहीं विशाल राजू गम्भीर रूप से घायल हो गया घायल युवक को मेडिकल कॉलेज डिमरापाल में भर्ती कराया है।

रायपुर। राजधानी रायपुर में एक बार फिर लुटेरों ने ट्रक लूट की वारदात को अंजाम दिया है। आपको बता दें कि कुछ ही दिन पहले पुलिस ने ट्रक लूटने वाले गैंग को गिरफ्तार किया था जिसके बाद ये एक और मामला सामने आया है। यह पूरा मामला राजधानी रायपुर से लगे धरसीवां का है जहां ट्रक की लूट पाट को फ़िल्मी स्टाईल में अंजाम दिया गया है। स्कॉर्पियो सवार आरोपी लोहे से लदे ट्रक को लूटकर फरार हो गए हैं। वारदात तड़के 4 बजे की बताई जा रही है। स्कॉर्पियो सवार आरोपियों ने पहले तो ट्रक को रुकवाया फिर ड्राइवर को पेड़ पर बांधा और लोहे से लदा ट्रक लेकर फरार हो गए। घटना के बाद से धरसीवां थाना पुलिस समेत कई टीमें ट्रक व लुटेरों की तलाश में जुटी है।
रायपुर | शहर के माना थाना बस्ती में एक मोबाईल दुकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने नगद 15 हजार रूपये एवं लगभग 35 हजार रूपये के मोबाईल फोन चोरी कर ले गये।
कोरबा। देर रात एक नवविवाहिता का अपहरण करने के बाद 3 दिनों तक उसके साथ जबरन दुष्कृत्य को अंजाम दिया जाता रहा। वारदात के मुख्य आरोपी सहित अपहरण में सहयोगकर्ता 2 लोगों के विरुद्ध अपराध दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है।
रायपुर | पंचायतों के सशक्तिकरण और विभागीय योजनाओं को लागू करने में सूचना व संचार तकनीक (ICT - Information & Communication Technology) के प्रभावी उपयोग के लिए छत्तीसगढ़ का चयन भारत सरकार के पंचायतीराज मंत्रालय ने ई-पंचायत पुरस्कार के लिए किया है। पंचायतों के कार्यों में पारदर्शिता, दक्षता और जवाबदेही लाने आईसीटी के उपयोग में छत्तीसगढ़ को पूरे देश में दूसरा स्थान मिला है।
मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल और पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री टी.एस. सिंहदेव ने इस उपलब्धि के लिए सभी विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों को बधाई और शुभकामना दी है। उन्होंने कहा कि विभागीय अधिकारियों की प्रतिबद्धता और तकनीक के इस्तेमाल से शासन की योजनाओं को गांव के हर व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है। इसमें सूचना एवं संचार तकनीकों के प्रति पंचायत प्रतिनिधियों की जागरूकता भी महत्वपूर्ण है।
प्रदेश में ग्राम पंचायतों की नेटवर्किंग, योजनाओं व कार्यक्रमों को लागू करने और उनकी मॉनिटरिंग में कम्प्यूटर तथा सूचना व संचार तकनीक का सफलतापूर्वक उपयोग किया जा रहा है। पंचायत विभाग के कार्यों में पारदर्शिता, दक्षता और जवाबदेही लाने के लिए इन तकनीकों का व्यापक इस्तेमाल किया जा रहा है। केन्द्रीय पंचायतीराज मंत्रालय ने आईसीटी के द्वारा ग्रामीण अंचलों में स्थानीय स्वशासन को मजबूत करने में छत्तीसगढ़ सरकार की कोशिशों की भरपूर सराहना की है।
इसलिए मिला छत्तीसगढ़ को पुरस्कार
प्रदेश में ई-पंचायत के अंतर्गत ग्राम पंचायतों की मूलभूत सेवाओं और कार्यों की मॉनिटरिंग के लिए 11 कोर एप्लीकेशन का उपयोग किया जा रहा है। इसके लिए सभी ग्राम पंचायतों को एक यूनिक एलजीडी (LGD) कोड प्रदान किया गया है। प्रदेश के हर ग्राम पंचायत की मैपिंग एलजीडी पोर्टल में की गई है। चालू वित्तीय वर्ष 2020-21 के लिए प्रदेश की सभी 11 हजार 664 ग्राम पंचायतों के ग्राम विकास योजना की एंट्री प्लान प्लस सॉफ्टवेयर में की गई है। इसी तरह प्रियासॉफ्ट के अंतर्गत ग्राम पंचायतों के वर्ष 2018-19 का कैश-बुक बंद करने का काम भी निर्धारित समयावधि में विभाग ने सफलतापूर्वक किया है। एम-एक्शन सॉफ्टवेयर की मदद से चौदहवें वित्त आयोग की राशि से पंचायतों में कराए गए कार्यों की जियोटैगिंग की गई है। इसके लिए 98 फीसदी पंचायतों को ऑन-बोर्ड कर 70 हजार 951 कार्यों का जियोटैगिंग फोटो अपलोड किया गया है। पंचायत संचालनालय द्वारा जारी सूचनाओं और निर्देशों को पंचायतें देख सकें, इसके लिए वेबसाइट भी बनाई गई है। वेबसाइट के जरिए गांव का कोई भी आदमी अपनी पंचायत द्वारा किए गए कार्यों को देख सकता है |
पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा पंचायतों और आम नागरिकों तक सूचना पहुंचाने के लिए नवाचार के रूप में “पी-नोटिस बोर्ड मोबाइल एप” का निर्माण किया गया है। इसमें प्रत्येक स्तर की पंचायतों द्वारा अपलोड सूचना कभी भी, कहीं से भी देखी जा सकती है। त्रिस्तरीय पंचायतीराज प्रतिनिधियों को शासन की योजनाओं की जानकारी तत्काल उपलब्ध कराने 27 जिलों के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों का व्हाट्स-अप ग्रुप बनाया गया है। इसके माध्यम से जिला, जनपद और ग्राम पंचायतों के करीब पांच हजार प्रतिनिधियों को सीधे सूचना भेजी जा रही है। ग्राम पंचायतों से विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी और डॉटा गूगल-शीट के माध्यम से ऑनलाइन मंगाई जा रही है। पंचायतों का लेखा ऑनलाइन पीएफएमएस (PFMS) के माध्यम से करने के लिए विश्व बैंक द्वारा परियोजना का अनुमोदन किया गया है।














